लोनी: पुलिस एनकाउंटर में 50 हज़ार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

संवाददाता। लोनी।

गाजियाबाद जिले की लोनी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्षेत्र में 50 हजार के एक इनामी बदमाश सोनू डेढ़ा को पुलिस एनकाउंटर के बाद दबोच लिया गया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोनू डेढ़ा पर एसएलएफ, वेद विहार में दोस्त के पिता की हत्या, डीएलएफ में व्यापारियों से रंगदारी वसूलने और एक सभासद पर गोली चलाने समेत दर्जनों आरोप हैं। यू पी पुलिस द्वारा उस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।

लोनी पुलिस को जानकारी मिली थी कि सोनू डेढ़ा अपने एक साथी अनिल के साथ इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नाकाबंदी मजबूत कर दी। इसी दौरान डेढ़ा अपने साथी के साथ बाइक पर घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया किंतु रुकने के बजाय उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।  शकलपुरा गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें करीब 15 मिनट तक कई राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सोनू डेढ़ा के पैर में गोली लगी। घायल होने पर बदमाश को दबोच लिया गया। एनकाउंटर में विकास राठी नाम के एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी जो उनके हाथ को छूते हुए निकल गई। 

एस पी देहात ने बताया कि दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद बदमाश सोनू डेढ़ा को जेल भेज दिया जाएगा। डेढ़ा से एक पिस्टल और बाइक बरामद की गई है। बदमाश का साथी मौके का फ़ायदा उठा भागने में कामयाब रहा। एस पी देहात डॉक्टर ईराज का कहना है कि बदमाश के फरार साथी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कई संगीन अपराधों में शामिल रहे इनामी सोनू डेढ़ा की गिरफ्तारी को लोनी पुलिस की एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ